Stories


Stories

शिल्पी सौंदर्य निखार केंद्र

अर्चना कोहली 'अर्चि' / April 16, 2024

शिल्पी सौंदर्य निखार केंद्र

"तो यह है शिल्पी सौंदर्य निखार केंद्र। पहला ब्यूटी पार्लर देखा है, जिसका नाम हिंदी में है। देखने में तो ठीक-ठाक ही लग रहा है। अरे, वाह! रेट भी लिखे हैं। पैकेज भी सस्ते हैं।  आईब्रो और क्लीनिंग करवाकर देखती हूँ, कैसा काम है? अच्छा हुआ तो आगे से यहीं से करवाऊँगी। आजकल अप्सरा ने तो बहुत कीमत बढ़ा दी है।" मन ही मन में मीनाक्षी ने कहा।

"क्या करवाना है आपको?" मीनाक्षी को देखते ही काउंटर पर बैठी रीमा ने तपाक से पूछा।

"जी आईब्रो और क्लीनिंग।"

" बस दो मिनट दीजिए।  सीमा इनकी आईब्रो और क्लीनिंग है।"

"जी। आइए। पहले आईब्रो करते हैं।"

"जी।"

"थोड़ा धीरे। बहुत दर्द हो रहा है। " मीनाक्षी ने ब्यूटीशियन सीमा से कहा।

"अब पूरा झाड़ उगा कर लाई हैं तो दर्द तो होगा ही। फुल ग्रोथ है। और आप टाइट पकड़िए। नहीं तो कट लग जायेगा।" सीमा ने रूखे स्वर से कहा।

"किसी को स्ट्रेच करने के लिए बुलवा लीजिए।दीदी।" 

अरे, छोटू! ज़रा ऊपर से पकड़ना। मैडम जी। आप नीचे से पकड़िए, पर टाइट।

"ज़रा रुकिए। बहुत दर्द हो रहा है। आराम से करिए।" 

"मैडम जी ऐसे ही रुकते रहे तो कमा चुके।" मन ही मन में बड़बड़ाते  हुए सीमा ने कहा।
 
"कुछ कहा आपने।" मीनाक्षी ने सीमा से पूछा।

"कुछ नहीं। मैडम जी। आपकी मूँछे भी आई हैं और दाढ़ी भी। क्या कर दूँ। वैक्सिंग की ज़रूरत भी है।"

"नहीं जी। आज कुछ जल्दी है।"

"अच्छा डिस्काउंट दे दूँगी आपको।‌"

"नहीं फिर कभी। हो गई आईब्रो क्या! 

"जी। हो गई। देख लीजिए।" दर्पण आगे करते हुए सीमा ने मीनाक्षी से कहा।

"यह क्या, एक आईब्रो पतली तो दूसरी मोटी। कई जगह से कट भी लगा है। आज मुझे दावत में जाना है। यह क्या कर दिया।"

 "अरे मैडम जी। मोटी को अभी पतली कर देती हूँ। और आप इतना तो हिल  रही थी।  कट तो लगेगा ही।"

"सब कबाड़ा कर दिया। अब फिर से अप्सरा जाकर सही करवाना होगा।" मन ही मन में कहती हुई मीनाक्षी सीट  से उठ बाहर की ओर चल पड़ी।

"मैडम जी। आप कहाँ चली। आपको तो क्लीनिंग भी करवानी थी। क्या भूल गई!

"नहीं जी। जो हाल आपने आईब्रो का हुआ है, उसके बाद मुझे क्लीनिंग नहीं करवानी। पता नहीं उसका क्या हाल होगा?"

उसमें तो आपकी ही गलती है।"

"कितने पैसे हुए? 

"तीस रुपए। बाहर काउंटर पर दे दीजिए। " सीमा ने कहा।

"पर बोर्ड पर तो बीस रुपए लिखा है।" मीनाक्षी ने पैसे देते हुए रीमा से कहा।

वो तो पुराने रेट है। अब बढ़ा दिए हैं। 

"तो नए रेट लिखने चाहिए न।" 

"नए रेट लिखेंगे तो कौन आएगा। कम लिखा है, तभी तो आते हैं। नहीं तो अप्सरा, माया के पास जाते न लोग। आप भी तो सस्ते पैकेज के लोभ में आई होंगी न।"

अच्छा फँसी मैं। अब अप्सरा के पास जाती हूँ, आईब्रो ठीक करवाने और क्लीनिंग के लिए। किसने आईब्रो की यह हालत की,  कोई कहानी बतानी होगी। आगे से नए के चक्कर में नहीं पडूँगी। मन ही मन बोलते हुए मीनाक्षी ने कार को अप्सरा ब्यूटी पार्लर की ओर मोड़ दिया।


अर्चना कोहली 'अर्चि'

Popular Post

Recent Post

Recent Comments

Reply to Archana

Contact

We'd love to hear from you! Send us a message using the form below.

Address

Sector-31 Noida,
Noida, U.P.(201301), India

Email Us

contact@archanakohli.com

archanakohli67@gmail.com